नौतन थाना पुलिस ने की बड़ी कार्रवाई, 20 कार्टून शराब बरामद
नौतन से फिरोज अंसारी की रिपोर्ट
स्थानीय थाना पुलिस ने शराब तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए थाना क्षेत्र के विभिन्न मार्गों पर सघन वाहन जांच अभियान चलाया। इस दौरान यूपी की ओर से आ रहे दो संदिग्ध बाइकों से भारी मात्रा में शराब जब्त की गई। एक शराब तस्कर को मौके पर गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि दूसरा तस्कर बाइक व शराब छोड़कर फरार हो गया। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में छापेमारी कर रही है। थानाध्यक्ष जितमोहन कुमार ने बताया कि शराब तस्करी की रोकथाम के लिए थाना क्षेत्र के अलग-अलग संवेदनशील मार्गों पर विशेष चेकिंग की जा रही थी। प्रतापपुर सेमरा बुजुर्ग मार्ग पर यूपी दिशा से तेज रफ्तार से आ रहे एक बाइक को रुकने का संकेत दिया गया। पुलिस को देखते ही बाइक सवार तस्कर ने बाइक व उस पर लदी शराब छोड़कर भागने में सफलता पा ली। इसी अभियान के दौरान रामपुर-शाहपुर मार्ग के मठिया मोड़ पर दूसरी बाइक को रोका गया। इस बाइक पर लदी शराब के साथ तस्कर रंजित कुमार यादव को गिरफ्तार कर लिया गया। रंजित स्थानीय थाना क्षेत्र के गंधर्पा गांव का निवासी है। दोनों बाइकों से कुल 20 कार्टून शराब बरामद की गई। पुलिस ने दोनों बाइकों को भी जब्त कर लिया है। फरार तस्कर की पहचान व गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
पुलिस इस कार्रवाई के जरिए शराब तस्करों को सख्त संदेश देना चाहती है कि थाना क्षेत्र में अवैध शराब की आवाजाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जांच में और तस्करों के नेटवर्क तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।












