कटेया में हत्या के प्रयास और पुलिस पर हमला मामले का आरोपी गिरफ्तार
गोपालगंज। जिले में अपराध नियंत्रण और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कटेया थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। हत्या के प्रयास और पुलिस पर हमला जैसे गंभीर मामले में वांछित एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के क्रम में कटेया थाना कांड संख्या-339/26 (दिनांक 30 जून 2026) में नामजद अभियुक्त दिनेश यादव उर्फ मुन्ना, पिता श्रीकिशुन यादव, निवासी बरईबेली, थाना कटेया, जिला गोपालगंज को उसके घर से विधिवत गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास, पुलिस पर हमला सहित भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज है। पुलिस के अनुसार आरोपी के विरुद्ध अग्रेतर विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि जिले में अपराधियों के खिलाफ विशेष अभियान आगे भी जारी रहेगा और कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।












