टीबी मुक्त भारत अभियान को मिली रफ्तार: डीएम समीर सौरभ खुद पहुंचे स्क्रीनिंग सेंटर, जिलेभर में अधिकारियों ने संभाली कमान
गोपालगंज ब्यूरो आशिष रंजन श्रीवास्तव की रिपोर्ट


गोपालगंज। प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान को सफल बनाने के लिए गोपालगंज जिला प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आया। शुक्रवार को जिला पदाधिकारी समीर सौरभ (भा.प्र.से.) ने सदर प्रखंड के चौराव पंचायत सरकार भवन में आयोजित टीबी स्क्रीनिंग कार्यक्रम का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं, जांच प्रक्रिया और अभियान की प्रगति का जायजा लिया। वहीं जिले के विभिन्न प्रखंडों में वरीय अधिकारियों ने भी स्क्रीनिंग केंद्रों का निरीक्षण कर अभियान की निगरानी की।निरीक्षण के दौरान डीएम ने लाभार्थियों के पंजीकरण, स्क्रीनिंग व्यवस्था एवं उपलब्ध सुविधाओं की बारीकी से समीक्षा की। उन्होंने स्वास्थ्यकर्मियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति की समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और पारदर्शी जांच सुनिश्चित की जाए ताकि टीबी मरीजों की समय रहते पहचान कर उनका शीघ्र उपचार शुरू किया जा सके। डीएम समीर सौरभ ने कहा कि “टीबी पूरी तरह से इलाज योग्य बीमारी है। यदि दो सप्ताह से अधिक खांसी, लगातार बुखार, वजन कम होना या अन्य लक्षण दिखाई दें तो बिना किसी झिझक के नजदीकी सरकारी स्वास्थ्य केंद्र पर जांच अवश्य कराएं। समय पर जांच और उपचार से टीबी को पूरी तरह हराया जा सकता है।”
इस अवसर पर जिला संचारी रोग नियंत्रण पदाधिकारी डॉ. अरविंद कुमार, जिला कार्यक्रम प्रबंधक धीरज कुमार सहित चिकित्सा पदाधिकारी एवं स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे।अभियान की प्रभावी मॉनिटरिंग के लिए जिला प्रशासन ने विभिन्न वरीय अधिकारियों को अलग-अलग प्रखंडों की जिम्मेदारी सौंपी। वरीय कोषागर पदाधिकारी शशिकांत आर्य ने थावे प्रखंड के थतीवना, वरीय उप समाहर्ता अजय कुमार ने मांझा, अनुमंडल पदाधिकारी हथुआ अभिषेक कुमार चंदन ने विजयीपुर के अहियारपुर, निदेशक डीआरडीए राकेश कुमार चौबे ने पंचदेवरी के राजापुर महंथ, भूमि सुधार उप समाहर्ता हथुआ ने भोरे, जिला कृषि पदाधिकारी ललन कुमार सुमन ने फुलवरिया के मंझागोसाईं, जिला पंचायतीराज पदाधिकारी धर्मेंद्र कुमार ने बरौली, उत्पाद अधीक्षक अमितेश कुमार ने सिधवलिया के कबीराज टोल (बूचिया) तथा अनुमंडल पदाधिकारी गोपालगंज सदर अनिल कुमार ने कुचायकोट प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण कर स्क्रीनिंग अभियान की तैयारियों और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
जिला प्रशासन का उद्देश्य है कि अभियान के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों की टीबी जांच कर संभावित मरीजों की शीघ्र पहचान की जाए, ताकि उन्हें समय पर उपचार उपलब्ध कराकर टीबी मुक्त गोपालगंज के लक्ष्य को साकार किया जा सके।












