टीबी मुक्त बिहार की दिशा में तेज़ होंगे कदम: मुख्य सचिव ने सभी जिलों को दिए सख्त निर्देश, गोपालगंज में डीएम समीर सौरभ ने संभाली कमान
गोपालगंज ब्यूरो | आशिष रंजन श्रीवास्तव
गोपालगंज: राज्य को “टीबी मुक्त भारत” अभियान के तहत तय लक्ष्यों तक पहुंचाने के लिए गुरुवार को बिहार के मुख्य सचिव की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से राज्यस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। गोपालगंज समाहरणालय से जिला पदाधिकारी समीर सौरभ की मौजूदगी में स्वास्थ्य विभाग एवं अन्य संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों ने बैठक में भाग लिया। बैठक में राज्यभर में चल रहे टीबी उन्मूलन अभियान की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। मुख्य सचिव ने स्पष्ट निर्देश दिए कि टीबी मरीजों की शीघ्र पहचान, समय पर जांच, गुणवत्तापूर्ण उपचार तथा निक्षय पोर्टल पर उसी दिन पंजीकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि वर्ष 2026 तक निर्धारित लक्ष्य समय पर हासिल किए जा सकें। समीक्षा के दौरान स्वास्थ्य संस्थानों में प्रतिदिन अधिक से अधिक टीबी स्क्रीनिंग कराने, संदिग्ध मरीजों की तत्काल जांच, टीबी प्रिवेंटिव ट्रीटमेंट (TPT) के लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन, डिफरेंशिएटेड टीबी केयर को प्रभावी ढंग से लागू करने तथा निक्षय पोषण योजना के तहत पात्र लाभार्थियों को निर्धारित समय-सीमा में ₹1000 की सहायता राशि उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
बैठक के बाद जिला पदाधिकारी समीर सौरभ ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिले में टीबी मुक्त भारत अभियान को मिशन मोड में संचालित किया जाए। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक लोगों की स्क्रीनिंग कर संभावित मरीजों की समय पर पहचान सुनिश्चित की जाए तथा प्रत्येक स्तर पर नियमित मॉनिटरिंग कर अभियान को प्रभावी बनाया जाए। इस अवसर पर जिला स्वास्थ्य समिति, सिविल सर्जन कार्यालय तथा टीबी नियंत्रण कार्यक्रम से जुड़े सभी संबंधित अधिकारी भी उपस्थित रहे।












