गोपालगंज में टीबी पर बड़ा अभियान: 3 जुलाई से घर-घर होगी स्क्रीनिंग, DM समीर सौरभ की अपील— लक्षण दिखें तो तुरंत कराएं मुफ्त जांच।
गोपालगंज ब्यूरो | आशिष रंजन श्रीवास्तव की रिपोर्ट
गोपालगंज। टीबी मुक्त भारत अभियान को गति देने के लिए गोपालगंज जिले में 3 जुलाई से विशेष टीबी स्क्रीनिंग अभियान शुरू किया जाएगा। बिहार के मुख्य सचिव की समीक्षा बैठक के बाद जिला पदाधिकारी समीर सौरभ ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए हैं।जिला प्रशासन के निर्देशानुसार RBSK (राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम) की टीमें तथा हेल्थ एंड वेलनेस सेंटरों पर कार्यरत कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर (CHO) अपने-अपने क्षेत्रों में घर-घर जाकर संभावित टीबी मरीजों की पहचान करेंगे। अभियान का उद्देश्य टीबी के मरीजों का समय रहते पता लगाकर उनका निःशुल्क उपचार सुनिश्चित करना है, ताकि जिले को टीबी मुक्त बनाया जा सके।
जिला पदाधिकारी समीर सौरभ ने आम नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि यदि किसी व्यक्ति को दो सप्ताह या उससे अधिक समय से लगातार खांसी, बुखार, वजन कम होना, रात में पसीना आना या अन्य टीबी से जुड़े लक्षण दिखाई दें, तो वे बिना देर किए अपने नजदीकी सरकारी स्वास्थ्य केंद्र पर जाकर मुफ्त जांच कराएं। समय पर जांच और इलाज से टीबी पूरी तरह ठीक हो सकती है। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि अभियान में सहयोग करें, स्वास्थ्यकर्मियों को सही जानकारी दें और किसी भी संदिग्ध लक्षण को नजरअंदाज न करें। जनभागीदारी से ही टीबी मुक्त गोपालगंज और टीबी मुक्त भारत का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।












