मिंज स्टेडियम में फुटबॉल का रोमांच: इस्लामिया उर्दू अकादमी बनी जिला चैंपियन, सुब्रतो मुखर्जी कप पर जमाया कब्जा
गोपालगंज ब्यूरो आशिष रंजन श्रीवास्तव की रिपोर्ट
गोपालगंज। शहर के मिंज स्टेडियम में बुधवार को 65वें जिला सुब्रतो मुखर्जी फुटबॉल कप प्रतियोगिता का जोश और उत्साह चरम पर रहा। खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन और दर्शकों की जोरदार मौजूदगी के बीच आयोजित इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता का उद्घाटन जिला खेल पदाधिकारी अनिल कुमार एवं जिला शिक्षा पदाधिकारी योगेश कुमार ने संयुक्त रूप से किया।अंडर-17 बालक वर्ग के फाइनल मुकाबले में इस्लामिया उर्दू अकादमी, मीरगंज ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए योगेन्द्र ऋषिकुल हाई स्कूल, रेवतीथ को 2-1 से पराजित कर जिला चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। पूरे मैच के दौरान दोनों टीमों ने शानदार खेल भावना का परिचय दिया, लेकिन इस्लामिया उर्दू अकादमी की टीम ने निर्णायक क्षणों में बेहतर प्रदर्शन करते हुए ट्रॉफी अपने नाम कर ली।प्रतियोगिता के सफल आयोजन में जिले के शारीरिक शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उनके सहयोग और बेहतर प्रबंधन के कारण प्रतियोगिता शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुई।
समापन समारोह में जिला खेल पदाधिकारी अनिल कुमार ने विजेता एवं उपविजेता टीमों के खिलाड़ियों को मेडल और ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल अनुशासन, मेहनत और टीम भावना का प्रतीक है तथा ऐसे आयोजन ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने का सशक्त माध्यम हैं। जिला शिक्षा पदाधिकारी योगेश कुमार ने भी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और कहा कि शिक्षा के साथ खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र भविष्य में जिले और राज्य का नाम रोशन करेंगे। 65वें जिला सुब्रतो मुखर्जी फुटबॉल कप के सफल आयोजन ने जिले के खेल प्रेमियों में नया उत्साह भर दिया है। अब विजेता टीम की नजर आगामी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में दमदार प्रदर्शन करने पर रहेगी।












