बाढ़ से पहले अलर्ट मोड में गोपालगंज प्रशासन: डीएम समीर सौरभ ने तटबंधों का किया औचक निरीक्षण, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
गोपालगंज ब्यूरो आशिष रंजन श्रीवास्तव की रिपोर्ट
गोपालगंज। संभावित बाढ़ के खतरे को देखते हुए गोपालगंज जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। जिले में बाढ़ पूर्व तैयारियों का जायजा लेने के लिए जिला पदाधिकारी समीर सौरभ (भा.प्र.से.) ने ख्वाजेपुर, देवापुर, डुमरिया घाट तथा सारण तटबंध समेत विभिन्न संवेदनशील क्षेत्रों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने बाढ़ सुरक्षा एवं कटाव निरोधक कार्यों की प्रगति की समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। डीएम ने स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी सुरक्षात्मक एवं कटाव निरोधक कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर हर हाल में पूरे किए जाएं। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और कार्यों की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होना चाहिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संवेदनशील स्थलों पर 24 घंटे निगरानी, नियमित पेट्रोलिंग तथा तटबंधों की सतत मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही संभावित आपदा से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और हर परिस्थिति के लिए पूरी तरह तैयार रहने को कहा। जिला पदाधिकारी ने कहा कि “जनता की सुरक्षा जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। संभावित बाढ़ की हर स्थिति पर प्रशासन की पैनी नजर है और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं।”
जिला प्रशासन के इस सक्रिय अभियान से यह स्पष्ट है कि मानसून के दौरान संभावित बाढ़ से लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन पूरी गंभीरता और मुस्तैदी के साथ कार्य कर रहा है।












