गोपालगंज के छात्रावासों में अब दिखेगी नई व्यवस्था: डीएम समीर सौरभ ने दिए सख्त निर्देश, 3 छात्रों के नामांकन को मिली मंजूरी
गोपालगंज ब्यूरो | आशिष रंजन श्रीवास्तव
गोपालगंज। जिले के छात्रावासों की व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं पारदर्शी बनाने की दिशा में जिला प्रशासन ने अहम कदम उठाया है। मंगलवार को जिला पदाधिकारी समीर सौरभ (भा.प्र.से.) की अध्यक्षता में छात्रावास संचालन समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें छात्रावासों के संचालन, निरीक्षण और विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बैठक के दौरान जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि जिले के सभी छात्रावासों का संचालन विभागीय दिशा-निर्देशों के अनुरूप किया जाए तथा समय-समय पर नियमित निरीक्षण सुनिश्चित कर व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की जाए। उन्होंने कहा कि छात्रावासों में रहने वाले विद्यार्थियों को सुरक्षित, अनुशासित और गुणवत्तापूर्ण वातावरण उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। बैठक में अल्पसंख्यक बालक छात्रावास में प्रवेश के लिए योग्य पाए गए 03 छात्रों के नामांकन को सर्वसम्मति से स्वीकृति प्रदान की गई। वहीं छात्रावास के सुचारु संचालन को ध्यान में रखते हुए पूर्व अनुभवी शिक्षक श्री बब्लू कुरैशी का चयन नए छात्रावास अधीक्षक के रूप में किया गया।
जिला पदाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि छात्रावासों में भोजन, स्वच्छता, सुरक्षा, शिक्षा और अन्य मूलभूत सुविधाओं की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि छात्रों के सर्वांगीण विकास और बेहतर शैक्षणिक माहौल के लिए प्रशासन पूरी गंभीरता और प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी एवं समिति के सदस्य उपस्थित रहे और छात्रावासों की व्यवस्थाओं को और अधिक प्रभावी बनाने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।












