पुलिस को देख शराब फेंककर भागा तस्कर, 54 लीटर शराब बरामद
नौतन से फिरोज अंसारी की रिपोर्ट
नौतन-मैरवा मार्ग पर रामगढ़ पुल के समीप स्थानीय पुलिस की सतर्कता से एक बड़ी शराब तस्करी की कोशिश नाकाम हो गई। पुलिस ने 54 लीटर अवैध शराब जब्त कर ली है, जबकि तस्कर मौके से फरार हो गए। थानाध्यक्ष जीतमोहन कुमार ने बताया कि रामगढ़ पुल क्षेत्र में वाहनों की जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान एक संदिग्ध वाहन पुलिस की टीम को देखते ही रुक गया। वाहन सवार शराब तस्करों ने पुलिस को अचानक सामने पाकर घबराहट में शराब से भरे कंटेनर फेंक दिए और मौके से फरार हो गए। पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए फेंकी गई शराब को बरामद कर लिया।बरामद शराब की मात्रा 54 लीटर बताई जा रही है। पुलिस ने मौके पर मौजूद सबूतों के आधार पर अज्ञात तस्करों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। छानबीन में जुटी पुलिस टीम तस्करों की पहचान व उनके नेटवर्क तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। थानाध्यक्ष जितमोहन कुमार ने बताया कि इस क्षेत्र में शराब तस्करी की घटनाएं पहले भी सामने आ चुकी हैं। ऐसे में वाहन जांच अभियान को और सख्ती से जारी रखा जाएगा। स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की सराहना की है। पुलिस ने आगाह किया है कि अवैध शराब तस्करी में शामिल लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। जांच जारी है और जल्द ही तस्करों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।












