गोपालगंज में रफ्तार का कहर: स्कॉर्पियो की टक्कर से वृद्ध महिला की मौत, पलटी गाड़ी से शराब मिलने की चर्चा।
गोपालगंज ब्यूरो आशिष रंजन श्रीवास्तव की रिपोर्ट
गोपालगंज : बिहार के गोपालगंज जिले से एक बेहद दर्दनाक और सनसनीखेज मामला सामने आया है। कुचायकोट थाना क्षेत्र के बलथरी यादव टोला गांव में एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने घर के बाहर बैठी एक वृद्ध महिला को कुचल दिया, जिससे मौके पर ही उनकी दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद अनियंत्रित स्कॉर्पियो सड़क किनारे रखी अनाज की बोरियों से टकराकर पलट गई। चश्मदीदों के मुताबिक, स्कॉर्पियो की रफ्तार इतनी तेज थी कि चालक गाड़ी पर से नियंत्रण खो बैठा। महिला को रौंदने और अनाज की बोरियों से टकराकर पलटने के तुरंत बाद चालक मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया। स्थानीय इलाके में यह चर्चा जोरों पर है कि पलटी हुई स्कॉर्पियो में भारी मात्रा में शराब लदी हुई थी, जिसे पुलिसिया कार्रवाई के डर से तस्कर तेज रफ्तार में ले जा रहे थे। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय कुचायकोट थाना पुलिस दलबल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने उग्र ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत कराया और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है।पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। स्कॉर्पियो को जब्त कर लिया गया है और गाड़ी के मालिक व फरार चालक की तलाश की जा रही है। गाड़ी में शराब होने के दावों की भी बारीकी से तफ्तीश की जा रही है। इस घटना के बाद से बलथरी यादव टोला गांव में शोक की लहर दौड़ गई है, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय ग्रामीणों ने आरोपी चालक की जल्द से जल्द गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार के लिए मुआवजे की मांग की है।












