1037 लीटर विदेशी शराब के साथ तस्कर गिरफ्तार, पुलिस ने पिकअप वाहन किया जब्त
गोपालगंज ब्यूरो आशिष रंजन श्रीवास्तव की रिपोर्ट
गोपालगंज । जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत फुलवरिया थाना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक पिकअप वाहन से 1037.16 लीटर विदेशी शराब बरामद की है। इस दौरान एक शराब तस्कर को गिरफ्तार किया गया, जबकि एक पिकअप वाहन और एक मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है। पुलिस अधीक्षक कार्यालय द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 23 जून की रात फुलवरिया थाना क्षेत्र में सूचना मिली थी कि एक पिकअप वाहन बघउवा बाजार की ओर से माणिकपुर की तरफ जा रहा है, जिसमें भारी मात्रा में अवैध शराब लदी हुई है। सूचना के सत्यापन के बाद थानाध्यक्ष के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सेलार कला हजारी चौक के समीप वाहन जांच अभियान चलाया। जांच के दौरान संदिग्ध पिकअप वाहन को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक वाहन छोड़कर भागने लगा। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए पीछा कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान नीरज कुमार पाण्डेय (निवासी- भाभोपाली, थाना बड़हरिया, जिला सिवान) के रूप में हुई। वाहन की तलाशी लेने पर कुल 1037.16 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई। साथ ही आरोपी के पास से एक मोबाइल फोन भी जब्त किया गया। पुलिस ने शराब, वाहन और मोबाइल को विधिवत जब्त कर लिया है। फुलवरिया थाना कांड संख्या 151/2026 दर्ज कर आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुलिस अब इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए तकनीकी एवं मानवीय साक्ष्यों के आधार पर जांच कर रही है।
पुलिस का संदेश
गोपालगंज पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इसमें शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।












