मुहर्रम को लेकर गोपालगंज पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 65 डीजे और 12 लाउडस्पीकर जब्त
गोपालगंज ब्यूरो आशिष रंजन श्रीवास्तव की रिपोर्ट

गोपालगंज। आगामी मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए गोपालगंज पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिलेभर में विशेष अभियान चलाकर अवैध रूप से संचालित डीजे और तेज ध्वनि प्रदूषण फैलाने वाले उपकरणों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई है।अभियान के दौरान विभिन्न थाना क्षेत्रों में छापेमारी कर 65 डीजे, 12 लाउडस्पीकर जब्त किए गए तथा 3 दुकानों को सील कर दिया गया। पुलिस की इस कार्रवाई से डीजे संचालकों और नियमों का उल्लंघन करने वालों में हड़कंप मच गया है। पुलिस के अनुसार, मुहर्रम के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने, ध्वनि प्रदूषण पर नियंत्रण रखने और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह अभियान चलाया गया। कार्रवाई के क्रम में सिधवलिया थाना क्षेत्र से 16 डीजे और 3 दुकानों को सील किया गया, जबकि बैकुंठपुर, नगर, श्रीपुर, महम्मदपुर एवं कटेया थाना क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में डीजे और लाउडस्पीकर जब्त किए गए।गोपालगंज पुलिस ने सभी डीजे संचालकों, आयोजकों और आम नागरिकों से प्रशासन द्वारा निर्धारित नियमों एवं शर्तों का पालन करने की अपील की है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नियमों की अनदेखी करने वालों के विरुद्ध आगे भी कठोर और विधिसम्मत कार्रवाई जारी रहेगी।












