सिपाही भर्ती परीक्षा पर डीएम की पैनी नजर, केंद्रों का किया औचक निरीक्षण, स्वच्छ, निष्पक्ष और कदाचारमुक्त परीक्षा संचालन को लेकर अधिकारियों को दिए कड़े निर्देश।
गोपालगंज ब्यूरो आशिष रंजन श्रीवास्तव की रिपोर्ट
गोपालगंज। जिले में आयोजित सिपाही भर्ती परीक्षा को पूरी तरह पारदर्शी, निष्पक्ष एवं कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। इसी क्रम में बुधवार को जिला पदाधिकारी समीर सौरभ ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।निरीक्षण के दौरान डीएम ने डी.ए.वी. उच्च माध्यमिक विद्यालय, गोपालगंज तथा एस.एस. बालिका उच्च विद्यालय, गोपालगंज स्थित परीक्षा केंद्रों का दौरा किया। उन्होंने अभ्यर्थियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था, प्रवेश प्रक्रिया, सीसीटीवी निगरानी, बैठने की व्यवस्था एवं परीक्षा संचालन से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं की बारीकी से जांच की। जिला पदाधिकारी ने केंद्राधीक्षकों एवं प्रतिनियुक्त अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि परीक्षा संचालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी परीक्षा केंद्रों पर सरकार द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों और मानकों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि योग्य अभ्यर्थियों के चयन हेतु परीक्षा का निष्पक्ष और पारदर्शी संचालन प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी प्रकार की कदाचार की सूचना मिलने पर तत्काल कड़ी कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त गौरव कुमार सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी भी मौजूद रहे। डीएम के निरीक्षण से परीक्षा केंद्रों पर तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों में सतर्कता और जवाबदेही का माहौल देखने को मिला।












