उच्च शिक्षा को मिलेगा नया आयाम: नवस्थापित डिग्री कॉलेजों के संचालन की तैयारियों में जुटा प्रशासन*
गोपालगंज ब्यूरो आशिष रंजन श्रीवास्तव की रिपोर्ट
गोपालगंज। जिले में उच्च शिक्षा के क्षेत्र में एक नई शुरुआत की तैयारी तेज हो गई है। नवस्थापित राजकीय डिग्री महाविद्यालयों के शीघ्र संचालन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। इसी क्रम में बुधवार को जिला पदाधिकारी समीर सौरभ की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित कार्यालय प्रकोष्ठ में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें महाविद्यालयों के संचालन से जुड़ी सभी आवश्यक तैयारियों का जायजा लिया गया। बैठक में उप विकास आयुक्त गौरव कुमार, अपर समाहर्ता राजेश्वरी पाण्डेय, जिला शिक्षा पदाधिकारी योगेश कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। समीक्षा के दौरान महाविद्यालय भवनों की मरम्मत एवं जीर्णोद्धार कार्य, विद्यार्थियों के लिए मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता, परिवहन व्यवस्था तथा उद्घाटन समारोह की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा हुई। जिला पदाधिकारी ने महाविद्यालय परिसरों में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए चौकीदार एवं रात्रि प्रहरी की नियुक्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही नए विद्यार्थियों के स्वागत कार्यक्रम और संस्थानों के सुचारु संचालन से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण पहलुओं की भी समीक्षा की गई। बैठक में डीएम ने स्पष्ट कहा कि नवस्थापित डिग्री महाविद्यालयों के शुरू होने से जिले के हजारों छात्र-छात्राओं को स्थानीय स्तर पर गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा का लाभ मिलेगा। इससे न केवल शिक्षा का स्तर बेहतर होगा, बल्कि विद्यार्थियों को बाहर जाने की आवश्यकता भी कम होगी।उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी लंबित कार्यों को पूरा करने का निर्देश देते हुए कहा कि कॉलेजों के संचालन में किसी भी प्रकार की बाधा बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक के दौरान विभिन्न विभागों की अद्यतन प्रगति रिपोर्ट की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश भी जारी किए गए।
“शिक्षा के क्षेत्र में यह पहल जिले के विकास की नई आधारशिला साबित होगी। प्रशासन का लक्ष्य है कि सभी तैयारियां समय पर पूरी कर विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराया जाए।” – समीर सौरभ, जिला पदाधिकारी, गोपालगंज












