गोपालगंज पुलिस की बड़ी कार्रवाई: अवैध पशु तस्करी का भंडाफोड़, 5 मवेशियों के साथ 3 तस्कर गिरफ्तार, पिकअप जब्त।
गोपालगंज ब्यूरो आशिष रंजन श्रीवास्तव की रिपोर्ट
गोपालगंज।। बिहार के गोपालगंज जिले में अवैध पशु तस्करी के खिलाफ पुलिस ने एक बार फिर कड़ा शिकंजा कसा है। पुलिस अधीक्षक (SP), गोपालगंज के कड़े निर्देशानुसार जिले भर में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत गोपालपुर थाना पुलिस को आज एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए एक पिकअप वैन से अवैध रूप से ले जाए जा रहे 5 मवेशियों को बरामद किया है और मौके से 3 अंतरराज्यीय पशु तस्करों को दबोच लिया है। मिली जानकारी के अनुसार, गोपालपुर थाना पुलिस को ग्राम-नरहवा स्कूल के पास अवैध पशु तस्करी की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उक्त स्थान पर सघन वाहन जांच अभियान शुरू कर दिया। इसी दौरान एक संदिग्ध पिकअप वैन को रुकवाकर जब उसकी तलाशी ली गई, तो पुलिस के होश उड़ गए। वैन के भीतर क्रूरतापूर्वक 05 मवेशियों को लादकर ले जाया जा रहा था। पुलिस ने तुरंत मवेशियों को अपने कब्जे में ले लिया और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही पिकअप गाड़ी को जब्त कर लिया।पुलिस ने मौके से तीन आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार किया है, जिनमें बिहार के स्थानीय तस्करों के साथ-साथ उत्तर प्रदेश का भी एक आरोपी शामिल है। पकड़े गए अभियुक्तों का विवरण इस प्रकार है: मंजूर साह (पिता: स्व. हलीम दीवान) – निवासी: अहिरौली दुबौली, थाना-गोपालपुर, जिला-गोपालगंज। आजाद अहमद (पिता: शहीद साह) – निवासी: जवार भैसही, थाना-पटहेरवा, जिला-कुशीनगर (उत्तर प्रदेश)।मुमताज आलम (पिता: मुन्ना देवान) – निवासी: मठिया, थाना-नगर, जिला-गोपालगंज।
गोपालपुर थाना पुलिस ने इस पूरे मामले के संबंध में सुसंगत धाराओं के तहत कांड दर्ज कर लिया है। गिरफ्तार किए गए तीनों अभियुक्तों के खिलाफ आगे की कड़ी कानूनी (विधिक) कार्रवाई की जा रही है।












