नौतन के लकड़ी व्यवसायी के पुत्र ने 70वीं बीपीएससी में लहराया परचम,
डीएसपी बनकर किया क्षेत्र का नाम रोशन
नौतन से फिरोज अंसारी की रिपोर्ट


स्थानीय प्रखंड के नौतन बाजार निवासी एक लकड़ी व्यवसायी के पुत्र शोभित श्रीवास्तव ने 70वीं बीपीएससी परीक्षा में परचम लहराकर क्षेत्र का नाम रोशन कर दिया है। उनका चयन पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) पद पर हुआ है। शोभित श्रीवास्तव के पिता श्याम किशोर श्रीवास्तव एक लकड़ी व्यवसायी हैं, जबकि उनकी माता श्रीमती वीणा श्रीवास्तव गृहिणी है। उनके दादा स्वर्गीय श्री बृज बिहारी लाल स्वतंत्रता सेनानी थे। वर्तमान में वे 66वीं बीपीएससी के माध्यम से चयनित होकर परिवीक्षा पदाधिकारी के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने अपनी स्नातक की शिक्षा इंडियन स्कूल ऑफ माइन्स धनबाद से प्राप्त की है। बीपीएससी परीक्षा पास कर डीएसपी बनने वाले वाले शोभित श्रीवास्तव की पत्नी डॉ आकृति प्रकाश जॉर्जिया से एमबीबीएस की डिग्री प्राप्त कर भागलपुर में इंटर्नशिप कर रही हैं। वे तीन बहनों में एकलौता भाई हैं। तीनों बहनें और बहनोई सरकारी सेवा में हैं। सबसे बड़ी बहन सोनल श्रीवास्तव और बहनोई राकेश रंजन श्रीवास्तव भारत सरकार के अधिकारी हैं। दूसरी बहन रश्मि श्रीवास्तव व बहनोई नवीन श्रीवास्तव एमएनसी में कार्यरत हैं। वहीं छोटी बहन पल्लवी श्रीवास्तव बिहार सरकार में अधिकारी हैं, जबकि छोटे बहनोई अविनाश श्रीवास्तव भारत सरकार के अधिकारी हैं। अपनी सफलता पर बातचीत के दौरान शोभित श्रीवास्तव ने इसका श्रेय अपने माता-पिता, ईश्वर, पत्नी, बहनों तथा परिवार के सभी सदस्यों के निरंतर सहयोग, मार्गदर्शन और आशीर्वाद को दिया। उन्होंने कहा कि परिवार के समर्थन और कठिन परिश्रम के बल पर ही यह उपलब्धि संभव हो सकी। उनकी इस सफलता से परिवार, रिश्तेदारों एवं क्षेत्रवासियों में हर्ष का माहौल है। सभी ने उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी हैं।
उन्होंने अपने क्षेत्र के युवाओं को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। कठिन परिश्रम और अथक प्रयास ही सफलता प्राप्त करने का मूलमंत्र है। सभी युवाओं को अपने लक्ष्य को ध्यान में रखकर निरंतर प्रयत्नशील रहना चाहिए।












