बुलेट अंसारी हत्याकांड के छः आरोपियों के घर पर पुलिस ने चिपकाए इश्तिहार, ढोल ताशे के साथ पहुंची पुलिस
नौतन से फिरोज अंसारी की रिपोर्ट

चर्चित बुलेट अंसारी हत्याकांड के छह आरोपियों के घरों पर पुलिस ने आज इश्तिहार चिपकाए। बता दें कि 24 मई को नौतन थाना क्षेत्र के ठाकुर के रामपुर गांव निवासी बुलेट अंसारी की हत्या गोली मारकर कर दी गई थी। मामले में 8 को नामजद अभियुक्त बनाया गया था, जिसमें दो की गिरफ्तारी पहले हो चुकी है। बाकी फरार चल रहे छह आरोपियों के घरों पर इश्तिहार चस्पा किया गया। नौतन थानाध्यक्ष जितमोहन कुमार ढोल-ताशे व पर्याप्त पुलिस बल के साथ थाना क्षेत्र के रामगढ़ गांव पहुंचे और वहां रहने वाले आरोपी अभिषेक सिंह, शुभम सिंह व सन्नी माझी के घरों पर इश्तिहार चिपकाए। इसके बाद पुलिस बल व बैंड के साथ ठाकुर के रामपुर गांव जाकर विशाल यादव के घर पर इश्तिहार चस्पा किया। अंत में गोपालगंज जिले के मीरगंज थाना क्षेत्र के सुरवनिया गांव में पंकज यादव व धनंजय यादव के घरों पर नोटिस चिपकाने के लिए पुलिस पहुंची। सुरवनिया में पुलिस के ढोल-ताशा बजाकर पहुंचने पर कुछ महिलाओं ने विरोध जताया। एक महिला ने घर पर इश्तिहार लगाने से मना करते हुए कहा कि वह घर अपने पति के पैसों से बनवाया हुआ है और इसमें किसी का हिस्सा नहीं है। दूसरी महिला ने इसे संयुक्त परिवार वाला घर बताया। इस मामले में नौतन थानाध्यक्ष जितमोहन कुमार ने मीरगंज थाना से संपर्क कर सुचना दिया, जिसके बाद मीरगंज थाना के एएसआई एमडी फारुख अंसारी नौतन पुलिस की सहयोग में पहुंचे। इसके बाद एएसआई फारुख अंसारी की उपस्थिति में दोनों आरोपियों के घरों पर इश्तिहार चस्पा किए गए। थानाध्यक्ष जितमोहन कुमार ने बताया कि निर्धारित समयावधि में अगर आरोपी आत्मसमर्पण नहीं करते हैं तो उनकी संपत्ति कुर्क की जाएगी।












