गोपालगंज: घर से ₹1 लाख कैश और सोने के जेवर लेकर लापता हुई 15 साल की किशोरी, पुलिस जांच में जुटी।
गोपालगंज ब्यूरो आशिष रंजन श्रीवास्तव की रिपोर्ट
गोपालगंज।। बिहार के गोपालगंज जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां कटेया थाना क्षेत्र के राजापुर (दुबे टोला) से एक 15 वर्षीय नाबालिग लड़की रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गई है। चौंकाने वाली बात यह है कि किशोरी अपने साथ घर में रखे एक लाख रुपये कैश और अपनी मां के सोने के गहने भी लेकर गई है। इस घटना के बाद से परिवार गहरे सदमे और चिंता में है।जानकारी के अनुसार, राजापुर निवासी संजीव कुमार दुबे (उम्र 38 वर्ष) की 15 वर्षीय बेटी ‘अदिति दुबे’ गत 15 जून 2026 को अचानक घर से कहीं चली गई। परिजनों ने अपने स्तर पर सगे-संबंधियों और संभावित ठिकानों पर काफी खोजबीन की, लेकिन लड़की का कहीं कोई सुराग नहीं मिला। पीड़ित पिता संजीव कुमार दुबे ने कटेया थाना प्रभारी को दिए आवेदन में बताया कि उनकी बेटी घर से बिना बताए जाने के साथ-साथ अपनी माँ के चार थान सोने के गहने और ₹1,00,000 (एक लाख रुपये) नगद भी अपने साथ ले गई है। परिजनों के अनुसार, लड़की के पास एक मोबाइल फोन भी है।मामले की गंभीरता को देखते हुए कटेया थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की है। शिकायती पत्र पर दर्ज पुलिसिया नोट के मुताबिक, 18 जून 2026 को इस संबंध में कटेया थाना कांड संख्या- 322/26 दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 140(1) के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले की कमान सब-इंस्पेक्टर (SI) नंदलाल कुमार को सौंपी गई है। पुलिस अब मोबाइल नंबर को सर्विलांस पर रखकर और स्थानीय स्तर पर सुराग जुटाकर नाबालिग लड़की की बरामदगी के लिए छापेमारी कर रही है।












