स्पीड ब्रेकर बना ‘लूट पॉइंट’! चालक को गोली मारकर ₹1 लाख लूटे, बाल-बाल बची जान।
खजुआ कलां मोड़ के पास देर रात वारदात, सीमावर्ती इलाके में बढ़ते अपराध से दहशत
गोपालगंज ब्यूरो आशिष रंजन श्रीवास्तव की रिपोर्ट
गोपालगंज।। विजयीपुर थाना क्षेत्र में अपराधियों ने स्पीड ब्रेकर को ही लूट की साजिश का अड्डा बना लिया। पगरा-विजयीपुर मुख्य सड़क पर खजुआ कलां मोड़ के समीप स्थित स्पीड ब्रेकर पर घात लगाए बदमाशों ने एक पिकअप चालक को गोली मारकर एक लाख रुपये लूट लिए। गोली चालक के सिर को छूते हुए निकल गई, जिससे उसकी जान बाल-बाल बच गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। मिली जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के रामपुर कारखाना थाना क्षेत्र अंतर्गत खांडिलपुर गांव निवासी कारोबारी सहमुल्लाह खान खरीदारी के सिलसिले में निकले थे। उनकी पिकअप गाड़ी जैसे ही खजुआ कलां मोड़ के पास बने स्पीड ब्रेकर पर धीमी हुई, पहले से घात लगाए 4-5 हथियारबंद बदमाशों ने हमला बोल दिया। बताया जाता है कि बदमाशों ने चालक समोला खान को निशाना बनाकर गोली चला दी। गोली उनके सिर के पिछले हिस्से को छूते हुए निकल गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके बाद अपराधियों ने चालक के पास मौजूद करीब एक लाख रुपये नकद लूट लिए और अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। घटना के बाद घायल चालक के शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तत्काल डायल 112 को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र विजयीपुर ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए उसे रेफर कर दिया।
इस दुस्साहसिक वारदात ने एक बार फिर सीमावर्ती विजयीपुर क्षेत्र की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।स्थानीय लोगों का कहना है कि इलाके में गो-तस्करी, शराब तस्करी, चोरी और लूट की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जिससे आम लोगों में भय का माहौल है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए आसपास के क्षेत्रों में छापेमारी की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने रात के समय मुख्य सड़कों पर पुलिस गश्त बढ़ाने, संवेदनशील स्थानों पर निगरानी व्यवस्था मजबूत करने और अपराधियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। लगातार हो रही लूट की घटनाओं से क्षेत्र के व्यवसायियों और वाहन चालकों में दहशत का माहौल बना हुआ है।












