बरहिमा मोड़ पर मातम: तेज रफ्तार का कहर, सड़क हादसे में विकास मित्र की दर्दनाक मौत, परिवार में कोहराम।
गोपालगंज ब्यूरो आशिष रंजन श्रीवास्तव की रिपोर्ट
गोपालगंज (बिहार)।। एनएच 27 पर बरहिमा मोड़ के पास एक बार फिर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला है, जहां एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार विकास मित्र की दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना के बाद से मृतक के परिवार में चीख-पुकार मची है, वहीं स्थानीय इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। मिली जानकारी के अनुसार, घटना मोहम्मदपुर थाना क्षेत्र के बरहिमा मोड़ एनएच 27 की है। मृतक की पहचान स्थानीय विकास मित्र शैलेश राम के रूप में की गई है। शैलेश राम अपनी बाइक से किसी काम के लिए निकले थे, तभी बरहिमा मोड़ के पास वह हादसे का शिकार हो गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर जुट गए और तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच-पड़ताल शुरू की। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर कागजी कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए गोपालगंज मॉडल सदर अस्पताल भेज दिया है। पुलिस का बयान: “घटना की सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंच गई थी। शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है। दुर्घटना कैसे हुई, इसकी पूरी बारीकी से जांच की जा रही है और परिजनों को सूचित कर दिया गया है।” विकास मित्र शैलेश राम की मौत की खबर जैसे ही उनके घर पहुंची, परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। घर में कोहराम मचा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय ग्रामीणों और सहकर्मियों ने शैलेश राम की मौत पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए इसे एक अपूरणीय क्षति बताया है। पुलिस फिलहाल मामले की छानबीन कर आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है।












