पुलिस ने एक लाल वारंटी को किया गिरफतार
नौतन से फिरोज अंसारी की रिपोर्ट
स्थानीय थाना क्षेत्र के गलिमापुर गांव में पुलिस ने मंगलवार की रात्रि में दबिश देते हुए एक लाल वारंटी को सफलतापूर्वक गिरफ्तार कर लिया। थानाध्यक्ष जितमोहन कुमार ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि गिरफ्तार वारंटी गलिमापुर गांव निवासी जतन चौधरी का पुत्र वासदेव चौधरी है, जो लंबे समय से फरार चल रहा था। न्यायालय के आदेशानुसार पूर्व में उसके घर पर इश्तिहार चिपकाए गए। उसके बाद भी वह आत्मसमर्पण नहीं किया, फिर उसके विरुद्ध कार्रवाई करते हुए उसकी संपत्ति कुर्क की गई। कुर्की की कार्रवाई के बावजूद भी उक्त वारंटी फरार चल रहे था, जिसकी तलाश पुलिस कर रही थी। थानाध्यक्ष जितमोहन कुमार के निर्देशन में टीम ने गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए उसे मंगलवार को उसके गांव से ही दबोच लिया। गिरफ्तारी के बाद उसे थाने ले जाया गया, जहां आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी की गईं। अगले दिन उसे जेल भेज दिया गया।












