लू की चपेट में आने से व्यक्ति की मौत, परिजनों ने एफआईआर व पोस्टमॉर्टम कराने से किया इन्कार
नौतन से फिरोज अंसारी की रिपोर्ट
स्थानीय थाना क्षेत्र में अत्यधिक गर्मी और लू की चपेट में आने से एक 46 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। मृत व्यक्ति की पहचान हसुआ गांव निवासी संजय सिंह के रुप में की गई है। मृतक के पुत्र शुभम कुमार सिंह के अनुसार उसके पिता संजय सिंह बुधवार को दोपहर में किसी काम से उत्तर प्रदेश के रामपुर बाजार गए थे। वहां से लौटने के क्रम में अत्यधिक गर्मी और लू लगने से नौतन थाना क्षेत्र के शाहपुर गांव के समीप पक्की सड़क पर गिर पड़े। उनके कान और नाक से खून निकला और उनकी मौत हो गई। इसको लेकर पीड़ित पुत्र ने नौतन पुलिस को आवेदन देकर व पंचनामा भरकर एफआईआर दर्ज न कराने और पोस्टमॉर्टम न कराने की बात करते हुए शव का अंतिम संस्कार करने की अनुमति मांगी। थानाध्यक्ष जितमोहन कुमार ने बताया कि मृतक के पुत्र शुभम कुमार सिंह के अनुरोध पर उनके पिता के शव को बिना पोस्टमॉर्टम के उन्हें सौंप दिया गया। वहीं परिजनों ने उसी दिन शाम को शव का अंतिम संस्कार कर दिया।












