गोपालगंज पुलिस की बड़ी कार्रवाई: बरौली में 106 लीटर से अधिक विदेशी शराब बरामद, बोलेरो के साथ एक तस्कर गिरफ्तार।
गोपालगंज ब्यूरो आशिष रंजन श्रीवास्तव की रिपोर्ट
गोपालगंज।। बिहार में पूर्ण शराबबंदी को सख्ती से लागू करने के लिए गोपालगंज पुलिस लगातार एक्शन मोड में है। पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार जिले में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बरौली थाना पुलिस को आज एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने भारी मात्रा में विदेशी शराब के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही बोलेरो गाड़ी को भी जब्त कर लिया है। मिली जानकारी के अनुसार, बरौली थाना पुलिस को क्षेत्र में शराब की एक बड़ी खेप आने की गुप्त सूचना मिली थी। इस सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने ग्राम मोहनपुर के पास सघन वाहन जांच अभियान शुरू किया। जांच के दौरान जब एक संदिग्ध बोलेरो वाहन को रोककर उसकी तलाशी ली गई, तो पुलिस के होश उड़ गए। वाहन के भीतर से कुल 106.92 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई। पुलिस ने मौके से ही तस्करी के आरोप में एक अभियुक्त को विधिवत गिरफ्तार कर लिया।
बरौली थाना पुलिस ने इस मामले में मद्यनिषेध कानून के तहत कांड दर्ज कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि शराब की यह खेप कहाँ से लाई जा रही थी और इसे कहाँ सप्लाई किया जाना था। पुलिस आगे की विधिक कार्रवाई में जुटी हुई है।












