नौतन थाना पुलिस ने 2594 लीटर अवैध शराब किया विनष्ट
नौतन से फिरोज अंसारी की रिपोर्ट
स्थानीय थाना क्षेत्र में अवैध शराब की तस्करी पर लगाम कसते हुए पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। नौतन थाना पुलिस द्वारा पहले जब्त की गई अवैध शराब को अंचलाधिकारी शशी कुमारी की उपस्थिति में विनष्ट कर दिया गया। इस अभियान के दौरान थानाध्यक्ष जीतमोहन कुमार, एसआई रितेश कुमार सिंह समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी और कर्मी भी मौजूद रहे। पुलिस अधिकारियों ने पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी तरीके से अंजाम दिया। शराब को नष्ट करने से पहले उसकी फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी भी की गई, ताकि कोई विवाद न उठ सके।थानाध्यक्ष जीतमोहन कुमार ने बताया कि इस कार्रवाई में कुल 1600 लीटर देशी शराब और 994 लीटर विदेशी शराब को विनष्ट किया गया। इस प्रकार कुल 2594 लीटर अवैध शराब को बर्बाद कर दिया गया। उन्होंने कहा कि नौतन थाना क्षेत्र में अवैध शराब की तस्करी और बिक्री को लेकर सख्त नजर रखी जा रही है। पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है और ऐसे तत्वों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है, जो समाज को नुकसान पहुंचाने वाले इस धंधे में लगे हुए हैं। यह कार्रवाई जिले में अवैध शराब माफिया के लिए एक बड़ी चेतावनी साबित हुई है। स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई का स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि अवैध शराब न सिर्फ युवाओं के स्वास्थ्य को बर्बाद करती है, बल्कि सामाजिक वातावरण को भी खराब करती है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि भविष्य में भी ऐसे अभियान लगातार चलाए जाएंगे। साथ ही जनता से अपील की गई है कि यदि किसी को अवैध शराब के भंडारण, तस्करी या बिक्री की जानकारी हो तो तुरंत नौतन थाना पुलिस को सूचित करें। गुमनाम रूप से भी शिकायत की जा सकती है। पुलिस की इस सफल कार्रवाई से क्षेत्र में कानून व्यवस्था को मजबूत करने और नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने की दिशा में सकारात्मक संदेश गया है।











