भोरे प्रखंड के बनकटा जगदारी पंचायत में सड़क निर्माण पर उठे सवाल
भोरे प्रखंड की पंचायत राज बनकटा जगदारी की मुखिया प्रीति देवी द्वारा वार्ड संख्या-9 में कराए गए ईंटकरण (खड़ंजा) कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। बताया जाता है कि कार्य पूरा होने के महज एक दिन बाद हुई हल्की बारिश में ही सड़क जगह-जगह टूट गई और उखड़ने लगी।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि सड़क निर्माण में मानकों की अनदेखी की गई, जिसके कारण सड़क बारिश का पानी भी नहीं झेल सकी। इससे पंचायत में कराए जा रहे विकास कार्यों की गुणवत्ता पर प्रश्नचिह्न लग गया है।
सबसे हैरानी की बात यह है कि जब वार्ड संख्या-9 के वार्ड सदस्य से इस संबंध में जानकारी ली गई तो उन्होंने बताया कि यह कार्य मुखिया फंड से कराया गया है और उन्हें इसकी कोई जानकारी नहीं है। ऐसे में यह सवाल उठना स्वाभाविक है कि जिस वार्ड में विकास कार्य हो रहा हो, उसके जनप्रतिनिधि को ही इसकी जानकारी न हो तो पंचायत में जनप्रतिनिधियों के बीच समन्वय की स्थिति क्या है?
ग्रामीणों का कहना है कि यदि विकास कार्यों में इसी तरह लापरवाही बरती गई तो पंचायत के विकास का उद्देश्य पूरा नहीं हो पाएगा। अब लोगों की नजर प्रशासन और संबंधित अधिकारियों की कार्रवाई पर टिकी है कि इस मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ क्या कदम उठाए जाते हैं।
इस मामले पर आपकी क्या राय है? हमें कमेंट कर जरूर बताएं।












