नौतन में मॉनसून की पहली झमाझम बारिश, गर्मी से मिली राहत; किसान धान का बिचड़ा डालने में जुटे
नौतन से फिरोज अंसारी की रिपोर्ट

स्थानीय प्रखंड क्षेत्र में गुरुवार सुबह हुई जोरदार बारिश ने गर्मी की चुभन से आमजन को राहत दी। लंबे समय से सूखे और उमस भरी गर्मी से परेशान लोगों के चेहरों पर मुस्कान लौट आई। बुधवार देर शाम से मौसम ने अचानक करवट ली। ठंडी हवाएं चलने लगीं और वातावरण सुहाना हो गया। गुरुवार को भोर से ही घने बादल छा गए और सुबह पांच बजे से लगातार बारिश शुरू हो गई। करीब चार घंटे तक धीमी से मध्यम गति की बारिश होती रही। इस अनायास हुई फुहार ने सड़कों पर निकलने वाले लोगों को भी ठंडक का अनोखा आनंद दिया। किसानों के लिए तो यह बारिश वरदान साबित हुई। खेतों में पानी भर जाने से धान की खेती करने वाले किसान उत्साहित हो उठे। लंबे इंतजार के बाद सूखे खेतों में पानी देखकर किसान तुरंत सक्रिय हो गए। अधिकांश किसान मेड़बंदी का काम तेजी से पूरा कर रहे हैं, वहीं जिन किसानों ने पहले से बिचड़ा डालने की तैयार कर रखा था, वे खेतों में बिचड़ा डालने में लगे हैं। किसानों ने बताया कि इस बार बारिश बिल्कुल सही समय पर हुई है। अब धान का बिचड़ा डालने से लेकर रोपाई तक का काम आसानी से हो जाएगा और लोगों में अच्छी फसल की उम्मीद जगी है। क्षेत्र के कई गांवों में सुबह से ही खेतों में चहल-पहल दिख रही है। पुरुषों के साथ महिलाएं भी खेतों में मदद कर रही हैं। बारिश के बाद वातावरण में नमी बढ़ गई है और तापमान में भी उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों तक इसी तरह के बादल छाए रहने और छिटपुट बारिश की संभावना है। यह बारिश न सिर्फ गर्मी से राहत दिलाने वाली साबित हुई, बल्कि कृषि कार्यों को भी नई गति प्रदान कर गई है।












