कटेया में शराब तस्करों पर पुलिस का शिकंजा, 70 लीटर विदेशी शराब के साथ तस्कर गिरफ्तार
गोपालगंज: पुलिस अधीक्षक विनय तिवारी के निर्देश पर जिले में शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कटेया पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एक तस्कर को 70 लीटर विदेशी शराब के साथ गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के अनुसार, कटेया थानाध्यक्ष अवधेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम बनकटा मोड़ के पास वाहन जांच अभियान चला रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध बोलेरो वाहन को रोककर तलाशी ली गई। जांच के दौरान वाहन से 70 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई, जिसके बाद पुलिस ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान रामबाबू पाल के रूप में हुई है, जो पश्चिम चंपारण जिले के सिरसिया थाना क्षेत्र के सिरसिया विश्वास गांव का निवासी बताया जा रहा है। पुलिस ने शराब लदी बोलेरो को भी जब्त कर लिया है।
कटेया पुलिस द्वारा गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि शराब की खेप कहां से लाई जा रही थी और इसे किस स्थान पर पहुंचाया जाना था। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
शराबबंदी कानून को चुनौती देने वालों पर पुलिस की लगातार कार्रवाई से तस्करों में हड़कंप मचा हुआ है।












