ईमानदारी की अनूठी मिसाल: सड़क पर गिरा सोने-चांदी से भरा पर्स असली मालकिन को लौटाया, गोपालगंज पुलिस और स्थानीय युवकों ने पेश की मानवता की मिसाल
गोपालगंज ब्यूरो आशिष रंजन श्रीवास्तव की रिपोर्ट

गोपालगंज ।। आज के दौर में जहां लोग चंद रुपयों के लिए अपनी ईमानदारी बेच देते हैं, वहीं गोपालगंज जिले के सिधवलिया थाना क्षेत्र से इंसानियत और ईमानदारी को गौरवान्वित करने वाला एक बेहद सराहनीय मामला सामने आया है। यहाँ सड़क पर गिरे सोने-चांदी के कीमती आभूषणों से भरे एक लेडीज पर्स को दो स्थानीय ईमानदार युवकों ने न केवल सुरक्षित रखा, बल्कि पुलिस के सहयोग से उसके वास्तविक मालिक तक पहुँचाया। प्राप्त विवरण के अनुसार, दिनांक 07 जून 2026 को सिधवलिया थाना क्षेत्र के दो सज्जन व्यक्तियों, साबिर एवं टुन्ना साह को सड़क पर एक लावारिस लेडीज पर्स गिरा हुआ मिला। जब उन्होंने पर्स को खोलकर देखा, तो उसमें सोने और चांदी के कीमती आभूषणों सहित अन्य महत्वपूर्ण सामान सुरक्षित रखे हुए थे। दोनों युवकों ने बिना किसी लालच के तुरंत सिधवलिया थाना पहुँचकर पूरे मामले की जानकारी दी और उक्त कीमती पर्स को पुलिस को सौंप दिया। पर्स मिलते ही सिधवलिया थाना की पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए जांच प्रक्रिया शुरू की। पुलिस ने उचित सत्यापन के माध्यम से पर्स की वास्तविक स्वामिनी की पहचान सुनिश्चित की। पहचान होने के बाद, पुलिस ने पर्स की वास्तविक स्वामिनी मीरा कुमारी (पति: राहुल महतो, ग्राम: जोगियार, थाना: सिधवलिया, जिला: गोपालगंज) को थाने बुलाकर उनके आभूषण और सभी सामान पूर्ण रूप से सुरक्षित सुपुर्द कर दिए। अपना खोया हुआ कीमती सामान वापस पाकर महिला के चेहरे पर मुस्कान लौट आई। उन्होंने युवक साबिर, टुन्ना साह तथा सिधवलिया पुलिस का सहृदय आभार व्यक्त किया।गोपालगंज पुलिस ने भी इस मौके पर दोहराया कि वे जनता की सेवा और सुरक्षा में सदैव तत्पर हैं। स्थानीय जनता द्वारा इन दोनों युवकों की ईमानदारी की जमकर सराहना की जा रही है।
