बुलेट अंसारी हत्याकांड में पुलिस ने दो आरोपियों को झारखंड से दबोचा, वैज्ञानिक साक्ष्यों से खुलासा
नौतन से फिरोज अंसारी की रिपोर्ट
स्थानीय थाना क्षेत्र के ठाकुर के रामपुर गांव में 23 मई 2026 की रात को हुए चर्चित हत्याकांड में पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मृतक बुलेट अंसारी के परिजनों की शिकायत पर नौतन थाने में केस दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। पुलिस अधीक्षक पूरन कुमार झा के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने तकनीकी साक्ष्य, डिजिटल ट्रेसिंग और गुप्त सूचनाओं के आधार पर आरोपियों का पता लगाया। दोनों आरोपी झारखंड के जमशेदपुर के चांडिल इलाके में छिपे हुए थे, जहां से उन्हें गिरफ्तार कर सीवान लाया गया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में ठाकुर के रामपुर का रहने वाला प्रशांत श्रीवास्तव और विकास पटेल शामिल हैं। प्रशांत पर पहले भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं, जबकि विकास पटेल के खिलाफ यह पहला गंभीर मामला है। मैरवा एसडीपीओ गौरी कुमारी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस अब घटना में शामिल अन्य फरार सहयोगियों की तलाश में विभिन्न संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। बता दें कि 23 मई की रात ठाकुर के रामपुर में बुलेट अंसारी को गोली मार दी गई थी। गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाए गए युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई थी। इस हत्याकांड ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी थी। पुलिस का दावा है कि जल्द ही पूरे गैंग को पकड़ लिया जाएगा।
