गोपालगंज पुलिस की बड़ी कार्रवाई: मीरगंज में युवक को गोली मारने वाले 3 आरोपी गिरफ्तार।
गोपालगंज ब्यूरो आशिष रंजन श्रीवास्तव की रिपोर्ट
जिले के मीरगंज थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम जिगना जगन्नाथ तोता राम का टोला में जमीनी विवाद को लेकर एक युवक को गोली मारकर घायल करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना रविवार, 03 मई 2026 की देर रात करीब 01:00 बजे की है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, संतोष कुमार यादव (पिता: जंगबहादुर यादव) अपने घर के बाहर खटिया पर सो रहे थे। तभी गांव के ही कुछ व्यक्तियों ने उनके सिर में गोली मारकर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही मीरगंज थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। साक्ष्य संकलन के लिए FSL टीम को भी बुलाया गया। घायल संतोष कुमार यादव को परिजनों द्वारा तुरंत हथुआ अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए सदर अस्पताल गोपालगंज रेफर कर दिया। वहां से भी बेहतर इलाज के लिए उन्हें पटना रेफर किया गया है, जहां फिलहाल उनका उपचार जारी है। पुलिस की शुरुआती जांच में यह तथ्य सामने आया है कि दोनों पक्षों के बीच पुराना भूमि विवाद चल रहा है, जो वर्तमान में न्यायालय में लंबित है। इसी रंजिश के कारण इस वारदात को अंजाम दिया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों नामजद अभियुक्तों—मदन कुमार, हरिनन्द और हरिकेष—को गिरफ्तार कर लिया है। उनके पास से अवैध हथियारों के संबंध में पूछताछ की जा रही है। मीरगंज थाना में कांड संख्या 242/26 के तहत मामला दर्ज किया गया है। वर्तमान में क्षेत्र में शांति व्यवस्था सामान्य है। पुलिस प्रशासन ने जनता से अपील की है कि किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें।
