मोटरसाइकिल लूट कांड का खुलासा, एक और अपराधी गिरफ्तार।
गोपालगंज ब्यूरो आशिष रंजन श्रीवास्तव की रिपोर्ट
गोपालगंज।। पुलिस अधीक्षक कार्यालय, गोपालगंज द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, बैकुण्ठपुर थाना पुलिस ने मोटरसाइकिल लूट की एक गंभीर वारदात का सफल उद्भेदन किया है। इस मामले में अब तक कुल 03 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया जा चुका है। यह घटना 19 मई 2025 की रात करीब 10:30 बजे की है। बैकुण्ठपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पकड़ी मोड़ के पास तीन मोटरसाइकिल पर सवार चार अज्ञात अपराधियों ने इस लूट को अंजाम दिया था। अपराधियों ने सिवान जिले के नविगंज बाजार निवासी प्रदीप कुमार और साकिर अंसारी को हथियार का भय दिखाकर उनकी मोटरसाइकिल छीन ली थी और विरोध करने पर उनके साथ मारपीट भी की थी। इस घटना के संबंध में बैकुण्ठपुर थाना में कांड संख्या 180/25 दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया था। पुलिस ने मानवीय एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए ताजा गिरफ्तारी की है छोटू राम, पिता- दुलारचंद राम, निवासी- हेमू छपरा, थाना- बैकुण्ठपुर, गोपालगंज। पूछताछ के दौरान अभियुक्त छोटू राम ने लूट के इस अपराध में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है। पुलिस ने बताया कि इस मामले में पूर्व में ही दो अन्य अभियुक्तों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है। गिरफ्तार अभियुक्त छोटू राम का पहले से भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है बैकुण्ठपुर थाना कांड संख्या- 180/25, दिनांक 20.05.25 (वर्तमान लूट मामला) तथा बैकुण्ठपुर थाना कांड संख्या- 195/25, दिनांक 01.06.26।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि घटना में शामिल अन्य अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी और अनुसंधान जारी है। वर्तमान में क्षेत्र में विधि-व्यवस्था की स्थिति सामान्य बनी हुई है।
