गोपालगंज: डीएम के जनता दरबार में उमड़ी भीड़, भूमि और राशन समेत दर्जनों समस्याओं का हुआ ऑन-द-स्पॉट निपटारा।
गोपालगंज ब्यूरो आशिष रंजन श्रीवास्तव की रिपोर्ट
गोपालगंज।। जिला पदाधिकारी पवन कुमार सिन्हा की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट स्थित कार्यालय प्रकोष्ठ में जनता दरबार का आयोजन किया गया। बिहार सरकार के ‘सात निश्चय-3’ के तहत संचालित “सबका सम्मान – जीवन आसान” पहल के आलोक में आयोजित इस दरबार में जिले के कोने-कोने से आए फरियादियों ने अपनी समस्याओं को डीएम के समक्ष रखा। जनता दरबार में मुख्य रूप से राजस्व और जन कल्याणकारी योजनाओं से जुड़ी शिकायतों की भरमार रही। प्राप्त आवेदनों में कुछ मुद्दे प्रमुख रहे जैसे
दाखिल-खारिज (म्यूटेशन), भूमि विवाद, अवैध अतिक्रमण, जमाबंदी, परिमार्जन और एलपीसी (LPC) निर्गत करने में हो रही देरी।
राशन कार्ड बनाने में समस्या और इंदिरा आवास (प्रधानमंत्री आवास योजना) का लाभ दिलाने की मांग।
नली-गली निर्माण और पैक्स से संबंधित शिकायतें।
आंगनबाड़ी सेविका बहाली में अनियमितता और मानदेय भुगतान के मामले।
जिला पदाधिकारी ने एक-एक कर सभी परिवादियों की समस्याओं को विस्तार से सुना और मौके पर मौजूद संबंधित विभागीय अधिकारियों को फटकार लगाते हुए त्वरित निष्पादन के निर्देश दिए।जिला पदाधिकारी ने कहा की जनता की समस्याओं का समाधान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी संबंधित पदाधिकारी निर्धारित समय-सीमा के भीतर आवेदनों का निष्पादन सुनिश्चित करें। किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जनता दरबार में प्राप्त सभी आवेदनों को विधिवत पंजी में दर्ज किया गया है। पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए इन आवेदनों को संबंधित विभागों को ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से अग्रसारित कर दिया गया है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अनुग्रह अनुदान और मानदेय जैसे संवेदनशील मामलों पर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई की जाएगी ताकि आम जनता को न्याय के लिए दफ्तरों के चक्कर न काटने पड़ें।
