गोपालगंज ब्रेकिंग: मिंज स्टेडियम में ‘गंगा दामोदर कबड्डी चैंपियनशिप’ का भव्य आगाज़, बिहार और झारखंड के बीच मुकाबला।
गोपालगंज ब्यूरो आशिष रंजन श्रीवास्तव की रिपोर्ट
गोपालगंज।। शहर के ऐतिहासिक मिंज स्टेडियम में आज खेल प्रेमियों का उत्साह चरम पर रहा। अवसर था सक्षम हॉस्पिटल गंगा दामोदर कबड्डी चैंपियनशिप के भव्य उद्घाटन का। तीन दिनों तक चलने वाले इस खेल महाकुंभ का विधिवत शुभारंभ मुख्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया।चंपियनशिप का उद्घाटन जिले के जिलाधिकारी (DM) पवन कुमार सिन्हा और विधायक मंजीत सिंह ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर कई अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित रहे। दीप प्रज्वलन के बाद खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए अतिथियों ने खेल भावना और शारीरिक फिटनेस के महत्व पर जोर दिया।जिलाधिकारी ने कहा की इस तरह के आयोजनों से न केवल स्थानीय प्रतिभाओं को मंच मिलता है, बल्कि युवाओं में खेल के प्रति रुचि भी बढ़ती है। प्रतियोगिता के पहले दिन का मुख्य आकर्षण बिहार और झारखंड के बीच होने वाला मुकाबला है। दोनों राज्यों की टीमें जीत के इरादे से मैदान में उतरी हैं। इस तीन दिवसीय आयोजन में विभिन्न क्षेत्रों की टीमें अपनी ताकत और रणनीति का प्रदर्शन करेंगी। स्टेडियम में भारी संख्या में दर्शक मौजूद हैं और पूरा परिसर ‘कबड्डी-कबड्डी’ के शोर से गूँज रहा है। सक्षम हॉस्पिटल द्वारा आयोजित इस प्रतियोगिता का उद्देश्य क्षेत्र में कबड्डी जैसे पारंपरिक खेल को बढ़ावा देना और खिलाड़ियों को एक बेहतर प्लेटफार्म उपलब्ध कराना है।











