गोपालगंज: अवैध आर्केस्ट्रा संचालकों पर पुलिस का हंटर, भारी छापेमारी में कई नाबालिग मुक्त।
गोपालगंज ब्यूरो आशिष रंजन श्रीवास्तव की रिपोर्ट
गोपालगंज।। जिले में अवैध आर्केस्ट्रा और कम उम्र की लड़कियों से डांस कराने वाले संचालकों के खिलाफ पुलिस ने अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक (SP) विनय तिवारी के कड़े निर्देश पर जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में एक साथ ताबड़तोड़ छापेमारी की गई, जिससे आर्केस्ट्रा संचालकों के बीच हड़कंप मच गया है। यह पूरी कार्रवाई सदर एसडीपीओ-2 राजेश कुमार के नेतृत्व में चलाई गई। पुलिस की विशेष टीम ने बरौली, मांझा और अन्य संदिग्ध इलाकों में स्थित आर्केस्ट्रा केंद्रों पर अचानक धावा बोला। काफी समय से इन इलाकों में अवैध रूप से आर्केस्ट्रा संचालन और मानव तस्करी से जुड़ी शिकायतें मिल रही थीं। छापेमारी के दौरान पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। कई ठिकानों से नाबालिग लड़कियों को बरामद किया गया है, जिन्हें डरा-धमकाकर या बहला-फुसलाकर इस दलदल में धकेला गया था। पुलिस ने मौके से सभी नाबालिगों को सुरक्षित मुक्त करा लिया है और उन्हें काउंसलिंग के लिए भेजा जा रहा है। पुलिस ने इस मामले में तत्परता दिखाते हुए आर्केस्ट्रा संचालक को भी गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि अवैध रूप से आर्केस्ट्रा चलाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। नाबालिगों से काम कराना कानूनन अपराध है और इसमें संलिप्त सभी लोगों पर पॉक्सो एक्ट (POCSO Act) और अन्य सुसंगत धाराओं के तहत केस दर्ज किया जा रहा है। जिले के अन्य थाना क्षेत्रों में भी संदिग्ध ठिकानों की सूची तैयार कर ली गई है। एसपी विनय तिवारी ने कहा की “जिले में किसी भी तरह की अनैतिक गतिविधि और नाबालिगों के शोषण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यह अभियान लगातार जारी रहेगा।”










