गोपालगंज: मांझागढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, हत्या के प्रयास के दो मामलों में 03 आरोपी गिरफ्तार।
गोपालगंज ब्यूरो आशिष रंजन श्रीवास्तव की रिपोर्ट
गोपालगंज।। जिला पुलिस कप्तान के निर्देशानुसार अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत मांझागढ़ थाना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने हत्या के प्रयास (Attempt to Murder) से जुड़े दो अलग-अलग कांडों में नामजद तीन अभियुक्तों को विधिवत गिरफ्तार कर लिया है।पुलिस द्वारा साझा की गई जानकारी के अनुसार, यह गिरफ्तारियां दो अलग-अलग प्राथमिकियों (FIR) के आधार पर की गई हैं जिसमे कांड संख्या 169/26: दिनांक 16 अप्रैल 2026 को दर्ज इस मामले में पुलिस ने मंटू ओझा और पिंटू ओझा को गिरफ्तार किया है। ये दोनों पिता धर्मदेव ओझा के पुत्र हैं। कांड संख्या 170/26: इसी तारीख को दर्ज दूसरे मामले में जयप्रकाश ओझा (पिता दीनानाथ ओझा) की गिरफ्तारी हुई है। पकड़े गए तीनों आरोपी मांझागढ़ थाना क्षेत्र के भैसही गांव के रहने वाले बताए जा रहे हैं। इन सभी पर हत्या के प्रयास जैसे गंभीर आरोप दर्ज थे, जिसके बाद से पुलिस इनकी तलाश में जुटी थी।
मांझागढ़ थाना पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार किए गए तीनों अभियुक्तों के विरुद्ध आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी कर ली गई है और उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया (अग्रेतर विधिक कार्रवाई) की जा रही है।












