जिले में गैस आपूर्ति के वर्तमान स्थिति पर डी.एस.ओ ने किया संवाददाता को संबोधित
20 अप्रैल को 14 हजार से अधिक एल.पी.जी गैस सिलेंडर वितरण करने का लक्ष्य
दरभंगा, 18 अप्रैल 2026 :- प्रेस क्लब दरभंगा में जिला आपूर्ति पदाधिकारी श्री सुरेश कुमार की अध्यक्षता में जिले में एल.पी.जी गैस की वर्त्तमान उपलब्धता एवं आपूर्ति व्यवस्था को लेकर संवाददाता सम्मेलन आयोजित किया गया।
संवाददाता को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि जिले में गैस की आपूर्ति सामान्य एवं संतुलित रूप से जारी है तथा सभी गैस एजेंसियों के माध्यम से उपभोक्ताओं तक नियमित वितरण सुनिश्चित किया जा रहा है।
आज 8,597 एल.पी.जी गैस सिलेंडर का वितरण किया गया है, जिसमें दरभंगा सदर अनुमण्डल में 6,636, बेनीपुर अनुमण्डल में 847 एवं बिरौल अनुमण्डल में 1,114 शामिल है।
उन्होंने कहा कि सदर अनुमण्डल में 7,891 एल.पी.जी गैस सिलेंडर एजेंसियों के गोदामों में शेष है, जबकि बेनीपुर अनुमण्डल में 1,144 तथा बिरौल अनुमण्डल में 3,000 एल.पी.जी गैस सिलेंडर एजेंसियों के गोदामों में शेष है।
- इस प्रकार जिले में 18 अप्रैल को 12,035 एल.पी.जी गैस सिलेंडर एजेंसियों के पास गोदामों में शेष है।
उन्होने कहा कि 19 अप्रैल को दरभंगा सदर अनुमण्डल में 9,961, बेनीपुर अनुमण्डल में 1,648 तथा बिरौल अनुमण्डल में 3,000 एल.पी.जी गैस सिलेंडर वितरण का लक्ष्य निर्धारित है।
उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि वर्तमान में जिले में पर्याप्त मात्रा में गैस उपलब्ध है और उपभोक्ताओं को घबराने की आवश्यकता नहीं है।
उन्होंने संवाददाता के माध्यम से सभी गैस एजेंसियों को निर्देश दिया कि वे निर्धारित मानकों के अनुसार पारदर्शी एवं समयबद्ध वितरण सुनिश्चित करें।
किसी भी समस्या या शिकायत की स्थिति में जिला प्रशासन द्वारा स्थापित कंट्रोल रूम अथवा संबंधित अधिकारियों से संपर्क करने की सलाह दी गई।
उन्होंने कहा कि जिला नियंत्रण कक्ष का नम्बर – 06272-245055 है।
उन्होंने कहा कि जिले के वरीय अधिकारियों द्वारा आज विभिन्न गैस एजेंसियों/गोदामों का एवं विभिन्न व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण भी किया गया है।












