जमीन विवाद ने लिया हिंसक रूप: मारपीट, फसल कटाई और रंगदारी का आरोप, केस दर्ज
गोपालगंज (कटेया): जिले के कटेया थाना क्षेत्र के मलपुरा गांव में जमीन विवाद को लेकर बड़ा बवाल सामने आया है। एक 57 वर्षीय किसान ने गांव के ही कुछ लोगों पर मारपीट, जबरन फसल काटने और रंगदारी मांगने जैसे गंभीर आरोप लगाते हुए थाना में एफआईआर दर्ज कराई है।
पीड़ित के अनुसार, उसकी पुश्तैनी जमीन पर लंबे समय से विवाद चल रहा है। आरोप है कि 3 अप्रैल 2026 को नामजद आरोपियों ने एकजुट होकर उसकी खेत में लगी फसल को जबरन काट लिया और विरोध करने पर मारपीट की। इतना ही नहीं, आरोपियों ने जान से मारने की धमकी देते हुए जमीन छोड़ने का दबाव भी बनाया।
एफआईआर में यह भी उल्लेख है कि आरोपी लगातार जमीन पर कब्जा जमाने की कोशिश कर रहे हैं और इसके लिए फर्जी कागजात का सहारा ले रहे हैं। पीड़ित ने बताया कि पहले भी कई बार विवाद हुआ, लेकिन इस बार मामला हिंसक हो गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए कटेया थाना पुलिस ने विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि सभी आरोपों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है, वहीं पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है।










