प्रेम संबंध से नाराज पिता बना हैवान, टेबल फैन से पीट-पीटकर बेटी की हत्या
गोपालगंज | कटेया
कटेया थाना क्षेत्र के गौरा गांव से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक पिता ने ही अपनी 19 वर्षीय बेटी की बेरहमी से हत्या कर दी। मृतका की पहचान मोनिका के रूप में हुई है, जो बी.ए. की छात्रा बताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बेटी के प्रेम संबंध से नाराज पिता जनार्दन कमकर ने घर में रखे टेबल फैन से उस पर ताबड़तोड़ वार कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई और माहौल गमगीन हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही कटेया थानाध्यक्ष अवधेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया और हत्या में इस्तेमाल टेबल फैन को भी जब्त कर लिया है।
सूत्रों की मानें तो हत्या के पीछे प्रेम प्रसंग को लेकर विवाद बताया जा रहा है। वहीं, कुछ स्थानीय लोग आरोपी की मानसिक स्थिति ठीक नहीं होने की भी बात कह रहे हैं। हालांकि, हत्या का स्पष्ट कारण अभी सामने नहीं आ सका है।
थानाध्यक्ष अवधेश कुमार ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले की गहन जांच की जा रही है और जल्द ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा कर दिया जाएगा।
इस हृदयविदारक घटना ने एक बार फिर रिश्तों के टूटते भरोसे और बढ़ती सामाजिक तनाव की स्थिति पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।










