छपरा में गूंजा विजयीपुर का दम! आदित्य यादव ने राज्यस्तरीय कुश्ती में मारी बाजी
विजयीपुर/गोपालगंज
छपरा के खेल भवन में आयोजित बिहार राज्यस्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता में विजयीपुर प्रखंड के चौमुखा गांव के युवा पहलवान आदित्य यादव पिता उपेन्द्र यादव ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत का परचम लहराया। उनकी इस उपलब्धि से न सिर्फ गोपालगंज जिला, बल्कि पूरा विजयीपुर प्रखंड गौरवान्वित हो उठा है।
आदित्य यादव, पूर्व राजद प्रखंड अध्यक्ष श्री राधा यादव(पैक्स अध्यक्ष) के पोते हैं, जिन्होंने अपनी मेहनत और लगन के दम पर यह मुकाम हासिल किया। प्रतियोगिता में जीत के बाद क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई और जनप्रतिनिधियों समेत खेल प्रेमियों ने उन्हें बधाई दी।
कार्यक्रम के दौरान उन्हें सम्मानित भी किया गया, जहां गोपालगंज कुस्ती संग के सचिव रामपुजन साहनी,राधा यादव,युवा नेता सुशील यादव, रामेश्वर यादव, सिकंदर यादव सहित स्थानीय गणमान्य लोगों ने उनकी हौसला अफजाई की।
एक समय था जब कुश्ती को खास वर्ग तक सीमित माना जाता था, लेकिन अब यह खेल हर वर्ग में तेजी से लोकप्रिय हो रहा है। ऑल इंडिया कुश्ती फेडरेशन के गठन के बाद खिलाड़ियों को नए अवसर मिल रहे हैं, जिससे ग्रामीण प्रतिभाएं भी उभरकर सामने आ रही हैं।
हालांकि विजयीपुर जैसे ग्रामीण इलाकों में अब भी कुश्ती के लिए पर्याप्त सरकारी सुविधाएं नहीं हैं। यहां के खिलाड़ी निजी अखाड़ों और सीमित संसाधनों के सहारे ही तैयारी करते हैं। ऐसे में आदित्य यादव का राज्यस्तर पर मेडल जीतना और भी बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि सरकार द्वारा बेहतर संसाधन, कोचिंग और सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं, तो यहां के कई और खिलाड़ी राज्य व राष्ट्रीय स्तर पर नाम रोशन कर सकते हैं।
आदित्य यादव की यह जीत साबित करती है कि प्रतिभा किसी संसाधन की मोहताज नहीं होती, बस जरूरत होती है मेहनत और हौसले की!










