बिशुनपुरा में 24 घंटे के भीतर दो घरों पर हमला, ग्रामीणों ने हमलावरों की दो बाइक को पुलिस को सौंपा
नौतन फिरोज अंसारी की रिपोर्ट
स्थानीय थाना क्षेत्र के बिशुनपुरा गांव में दो पक्षों के विवाद में एक पक्ष के समर्थन में असामाजिक तत्वों ने 24 घंटे के भीतर दो घरों पर पहुंचकर हमला किया। जहां 4 अप्रैल की रात्रि में राकेश कुमार मिश्र के घर पर असामाजिक तत्वों ने हमला किया; वहीं 5 अप्रैल को दोपहर में राम प्रभाव मिश्र के घर-परिवार को निशाना बनाया।घटना का मूल कारण जमीन विवाद बताया जा रहा है। इस संबंध में थाना क्षेत्र के बिशुनपुरा गांव के राकेश कुमार मिश्र की पत्नी आशा देवी ने बताया कि 04 अप्रैल की रात्रि 10 बजे के आसपास उनके घर के ऊपर मुकेश कुमार मिश्र एवं पवन कुशवाहा सहित 30-40 की संख्या में असामाजिक तत्वों ने हमला कर दिया। विरोध करने पर महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार भी किया गया। शोरगुल की आवाज सुनकर आसपास के लोगों ने पहुंचकर बीच-बचाव करते हुए हमलावरों को खदेड़ा। इसी घटना को लेकर अगले दिन 05 अप्रैल 2026 को राकेश कुमार मिश्र के पड़ोसी राम प्रभाव मिश्र के घर पर हमला किया गया। राम प्रभाव मिश्र ने बताया कि दोपहर में बाइक पर सवार 20-30 असामाजिक तत्वों ने आकर उनके घर पर हमला कर दिया। उनमें से कुछ असामाजिक तत्वों ने घर में घुसकर महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार भी किया। घरवालों की चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण दौड़े, जिस पर हमलावर वहां से फरार हो गए। वहीं भागने की अफ़रा-तफ़री में हमलावरों की दो मोटरसाइकिलें घटनास्थल पर छूट गईं, जिसे आक्रोशित ग्रामीणों ने तोड़फोड़ कर पुलिस को सौंप दिया। इसको लेकर राकेश कुमार मिश्र की पत्नी आशा देवी एवं राम प्रभाव मिश्र ने दर्जन भर लोगों को नामजद एवं अन्य अज्ञात सहित लगभग 40 लोगों को आरोपित किया है। वहीं दूसरे पक्ष से मुकेश मिश्र ने राकेश मिश्र सहित छह लोगों पर हथियार के बल पर एक लाख रुपए छीन लेने का आरोप लगाया है। इस सम्बन्ध में थाना प्रभारी जीतमोहन प्रसाद ने बताया कि मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए घटनास्थल से दो मोटरसाइकिलों को जब्त कर थाने लाने के साथ ही अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।










