नौतन पुलिस की बड़ी कार्रवाई, शराब के साथ दो तस्कर गिरफतार
नौतन फिरोज अंसारी की रिपोर्ट
स्थानीय थाना पुलिस ने थाना क्षेत्र के तिवारी टोला गांव के समीप से 154 लीटर अवैध देशी शराब के साथ एक बाइक जब्त कर ली है। इस दौरान दो शराब तस्करों को भी गिरफ्तार किया गया है। थानाध्यक्ष जीतमोहन प्रसाद ने बताया कि गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों की पहचान मैरवा थाना क्षेत्र के इमलौली गांव निवासी साहेबगंज ठाकुर तथा सेवतापुर गांव निवासी सूरज कुमार राजभर के रूप में हुई है। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ लोग बाइक पर अवैध शराब की तस्करी कर रहे हैं। इस सूचना पर पुलिस टीम ने तिवारी टोला गांव के पास नाकाबंदी कर चेकिंग शुरू की। चेकिंग के दौरान पुलिस ने संदिग्ध बाइक को रोका और तलाशी ली। बाइक पर रखे कंटेनरों में कुल 154 लीटर देशी शराब बरामद हुई। दोनों तस्करों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पूछताछ के बाद दोनों को जेल भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि अवैध शराब की तस्करी पर सख्त नजर रखी जा रही है और ऐसे तत्वों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जाएगी।










