गोपालगंज में पुलिस की बड़ी कार्रवाई: दो जगहों से 125.6 लीटर देशी शराब बरामद, तस्कर फरार
कटेया थाना क्षेत्र में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर कुल 125.6 लीटर देशी शराब बरामद की गई, हालांकि एक तस्कर पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार, गोपालगंज पुलिस क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान गुप्त सूचना मिली कि एक बाइक सवार अवैध शराब लेकर कोईसा की ओर जाने वाला है। सूचना मिलते ही पुलिस ने कोईसा बीआरसी भवन के पास वाहन जांच शुरू कर दी। तभी एक संदिग्ध बाइक सवार वहां पहुंचा और पुलिस को देखते ही कुछ दूरी पर बाइक छोड़कर भागने लगा। पुलिस ने पीछा किया, लेकिन वह फरार होने में सफल रहा।
बाइक पर बंधे बोरे की तलाशी लेने पर पुलिस को 71.6 लीटर देशी शराब बरामद हुई। इसके बाद पुलिस को एक और सूचना मिली कि तेतरिया रिखई पुल के पास बोरे में शराब छिपाकर रखी गई है। मौके पर पहुंचकर पुलिस ने वहां से 54 लीटर देशी शराब और बरामद कर ली।
पुलिस ने सभी बरामद शराब को जब्त कर थाने ले जाकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही फरार तस्कर की पहचान कर उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी तेज कर दी गई है।










