गोपालगंज पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 297 लीटर देसी शराब बरामद, 2 तस्कर गिरफ्तार, कार जब्त
गोपालगंज, 25 मार्च 2026।
जिले में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत गोपालगंज पुलिस को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। गोपालपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने छापेमारी कर भारी मात्रा में देसी शराब बरामद करते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अवैध शराब के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में गोपालपुर थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि एक जाइलो कार के जरिए अवैध शराब की खेप इलाके में लाई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए सघन जांच अभियान चलाया और वाहन को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान कार से कुल 297 लीटर देसी शराब बरामद की गई।
मौके से पुलिस ने दो शराब तस्करों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अंकुल साह और भीम साह के रूप में हुई है, जो उचकागांव थाना क्षेत्र के चैनुला खास के रहने वाले बताए जा रहे हैं। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही कार को भी जब्त कर लिया है।
इस मामले में गोपालपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की विधि-सम्मत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में अवैध शराब कारोबार करने वालों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और किसी भी हाल में उन्हें बख्शा नहीं जाएगा।










