थावे मंदिर परिसर में प्रसाद खरीदने को लेकर बवाल, मारपीट में बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल
ब्यूरो आशीषरंजन श्रीवास्तव की रिपोर्ट
गोपालगंज के प्रसिद्ध थावे रहषु मंदिर परिसर में प्रसाद खरीदने को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। इस मामले में सिवान जिले के हकाम गांव निवासी नीतीश कुमार ने थावे थाना पुलिस में छह नामजद और पांच अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है।
आरोप है कि शनिवार को नीतीश कुमार अपने परिवार के साथ पूजा-अर्चना करने मंदिर पहुंचे थे। इसी दौरान प्रसाद खरीदने को लेकर दुकानदारों से विवाद हो गया। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि आरोपितों ने डंडा, बेल्ट और फाइटर से हमला कर दिया। इस हमले में उनके बहन के ससुर मधेश कुमार प्रसाद गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायल मधेश कुमार प्रसाद को तत्काल इलाज के लिए सदर अस्पताल गोपालगंज ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें गोरखपुर रेफर कर दिया।
इधर, थावे थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है। इस घटना के बाद मंदिर परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और श्रद्धालुओं में भी काफी आक्रोश देखने को मिला।
प्रसाद खरीदने जैसे छोटे विवाद का इस तरह हिंसक रूप लेना लोगों को हैरान कर रहा है और मंदिर परिसर की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।










