23 लीटर देसी शराब बरामद, एक तस्कर गिरफ्तार
गोपालगंज पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक और बड़ी सफलता हासिल की है। कटेया थाना क्षेत्र में गुप्त सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई में पुलिस ने 23 लीटर देसी शराब के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया, जबकि मौके से एक मोटरसाइकिल भी जब्त की गई।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले में अवैध शराब के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में कटेया थाना क्षेत्र के रानीपुर गांव के पास पुलिस टीम ने संदिग्ध गतिविधि की सूचना पर छापेमारी की। जांच के दौरान एक मोटरसाइकिल से 23 लीटर देसी शराब बरामद की गई। पुलिस ने मौके से एक युवक को गिरफ्तार कर लिया, जिसकी पहचान बिद्दू यादव के रूप में हुई है। वह मुजही गांव का रहने वाला बताया जा रहा है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही बरामद शराब और मोटरसाइकिल को जब्त कर लिया गया है। इस कार्रवाई से अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।
पुलिस प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि अवैध शराब से दूर रहें और समाज को नशामुक्त बनाने में सहयोग करें। गोपालगंज पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के कारोबारियों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।










