विजयीपुर में ईद का जश्न: शांति, सद्भाव और भाईचारे की मिसाल
विजयीपुर/ गोपालगंज
विजयीपुर प्रखंड में ईद का त्योहार इस बार शांति, सद्भावना और आपसी भाईचारे के साथ बड़े ही उत्साहपूर्वक मनाया गया। सुबह से ही मस्जिदों में नमाज़ अदा करने के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर मुबारकबाद दी और प्रेम का संदेश फैलाया।
विजयीपुर के साथ-साथ माड़र रौतारी, बसहा, सुदामाचक, मटेयरी, सबेया सहित पूरे प्रखंड में ईद का माहौल बेहद खुशगवार रहा। हर तरफ भाईचारे की झलक देखने को मिली, जहां लोगों ने जाति-धर्म से ऊपर उठकर एक-दूसरे के साथ खुशियां साझा कीं।
शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए विजयीपुर पुलिस लगातार गश्त करती रही, जिससे पूरे क्षेत्र में सुरक्षा और व्यवस्था कायम रही। कर्बला सहित विभिन्न मस्जिदों में नमाज़ के दौरान मौसम की बेरुखी के बावजूद भारी भीड़ देखने को मिली। कर्बला में तो मेला जैसा माहौल नजर आया, जहां लोगों की उमंग और उत्साह देखते ही बन रहा था।
ईद के इस खास मौके पर हिंदू भाइयों ने भी मुस्लिम भाइयों के साथ गले मिलकर “ईद मुबारक” कहा और गंगा-जमुनी तहजीब की खूबसूरत मिसाल पेश की। लोगों ने एक-दूसरे को सेवई खिलाकर ईद की मिठास बांटी, वहीं ईद की दावतों में हिंदू भाई भी शामिल होकर आपसी प्रेम और सौहार्द को और मजबूत करते नजर आए।
ईद का यह पर्व विजयीपुर में एकता, प्रेम और भाईचारे का जीवंत उदाहरण बन गया।










