8 मवेशी व 95 लीटर देसी शराब बरामद, पिकअप जब्त तस्कर फरार
गोपालगंज में पुलिस ने वाहन जांच के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध शराब और मवेशियों की तस्करी का भंडाफोड़ किया है। विजयीपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक पिकअप वाहन से 8 मवेशी और 95 लीटर देसी चुलाई शराब बरामद की है। हालांकि मौके का फायदा उठाकर वाहन चालक और अन्य सवार अंधेरे का लाभ लेकर फरार हो गए।
मिली जानकारी के अनुसार 10 मार्च 2026 की रात विजयीपुर थाना पुलिस द्वारा परसा पुल के पास वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान मुहरसी बाजार की ओर से आ रहे एक बोलेरो पिकअप को रुकने का इशारा किया गया। पुलिस को देखते ही चालक वाहन मोड़कर भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन पुलिस बल की सतर्कता से घेराबंदी कर वाहन को रोक लिया गया।
वाहन की तलाशी लेने पर उसमें 8 मवेशी (गाय-बछड़ा) और दो गैलन में कुल 95 लीटर देसी चुलाई शराब बरामद हुई। पुलिस ने पिकअप वाहन, मवेशी और शराब को जब्त कर लिया है।
इस मामले में विजयीपुर थाना में कांड संख्या 83/26 दर्ज करते हुए वाहन मालिक और चालक के खिलाफ मद्य निषेध अधिनियम तथा पशु क्रूरता/तस्करी से संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
फिलहाल क्षेत्र में विधि-व्यवस्था की स्थिति सामान्य बताई जा रही है।










