बांदा पुलिस लाइंस में धूमधाम से मनाया गया 77वां गणतंत्र दिवस समारोह
बांदा। देश के 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर पुलिस लाइंस बांदा में भव्य एवं गरिमामय समारोह का आयोजन किया गया। पूरे परेड ग्राउंड को देशभक्ति के रंगों से सुसज्जित किया गया था, जो कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण बना रहा।
सुबह आयोजित परेड में जवानों के तालमेल भरे कदम, अनुशासन और जोश ने उपस्थित लोगों को रोमांचित कर दिया। वहीं, बच्चों द्वारा प्रस्तुत देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने दर्शकों का मन मोह लिया और वातावरण राष्ट्रभक्ति से सराबोर हो उठा।
समारोह के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के जलशक्ति राज्य मंत्री रामकेश निषाद ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली। इसके बाद उन्होंने उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को सम्मानित किया और उनके कर्तव्यनिष्ठ कार्यों की सराहना की।
कार्यक्रम में मंडलायुक्त चित्रकूटधाम मंडल, पुलिस उपमहानिरीक्षक चित्रकूटधाम परिक्षेत्र, जिलाधिकारी बांदा सहित कई जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
इसी क्रम में पुलिस लाइंस के साथ-साथ जनपद के सभी थानों एवं पुलिस कार्यालयों में भी ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी दी गई।
पूरा समारोह देशभक्ति, अनुशासन और उत्साह का अद्भुत संगम बन गया, जिसने हर उपस्थित व्यक्ति के मन में राष्ट्रप्रेम की भावना को और प्रबल कर दिया।
रिपोर्ट – सनम, बांदा












