चौमुखा पैक्स चुनाव में घमासान: राधा यादव समेत 3 प्रत्याशियों ने भरा नामांकन, समर्थकों की उमड़ी भीड़
विजयीपुर/गोपालगंज:
विजयीपुर प्रखंड के
चौमुखा पंचायत में पैक्स अध्यक्ष पद के लिए चुनावी सरगर्मी तेज हो गई है। बुधवार को नामांकन के दौरान कुल तीन उम्मीदवारों ने अपना पर्चा दाखिल किया, जिससे मुकाबला रोचक हो गया है।
निवर्तमान पैक्स अध्यक्ष राधा यादव ने सुबह 11:01 बजे अपने समर्थकों के बड़े जत्थे के साथ नामांकन दाखिल किया। इसके बाद दोपहर 12 बजे उनके प्रतिद्वंद्वी धर्मेंद्र यादव और रामभवन कुशवाहा ने भी अपने-अपने समर्थकों के साथ पर्चा भरा।
वहीं, प्रबंधन कार्यकारिणी के लिए भी दोपहर 1 बजे तक चार नामांकन दाखिल किए गए। सभी नामांकन पत्रों की गहन जांच की गई और कृषि पदाधिकारी द्वारा बारीकी से निरीक्षण के बाद पावती वितरण की प्रक्रिया शुरू की गई। इस दौरान उम्मीदवारों द्वारा आवश्यक त्रुटियों को तत्काल सुधारने की कोशिश भी की जाती रही।
इस बार चौमुखा पंचायत में पैक्स अध्यक्ष पद को लेकर कड़ा मुकाबला देखने को मिल रहा है। निवर्तमान अध्यक्ष राधा यादव को एक अनुभवी और मजबूत उम्मीदवार माना जाता है—वे अब तक तीन बार चुनाव लड़ चुके हैं, जिनमें एक बार निर्विरोध चुने गए थे।
नामांकन के दौरान राधा यादव के समर्थन में क्षेत्र के कई प्रमुख चेहरे मौजूद रहे, जिनमें पारस यादव, संजय सिंह, अखिलेश यादव, अमरेश यादव, डॉ. गामा यादव, हरिशंकर पटेल, राजनाथ साहनी, शमीम अंसारी, सुनील यादव, रामेश्वर यादव और रामबेलास यादव सहित सैकड़ों समर्थक शामिल थे।
समर्थकों का दावा है कि इस बार भी राधा यादव भारी मतों से जीत दर्ज करेंगे, लेकिन बदलते राजनीतिक समीकरणों के बीच मुकाबला काफी दिलचस्प हो गया है। अब देखना होगा कि क्या राधा यादव चौथी बार जीत का परचम लहराते हैं या विपक्षी उम्मीदवार कोई नया इतिहास रचते हैं।












