157 लीटर विदेशी शराब बरामद, तस्कर गिरफ्तार


गोपालगंज। जिले में अवैध शराब के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत कटेया थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। गुप्त सूचना के आधार पर तेतरिया पुल के पास की गई कार्रवाई में पुलिस ने एक कार से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की।
इस दौरान कुल 157.485 लीटर विदेशी शराब जब्त की गई, साथ ही एक तस्कर को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान गौरव कुमार (पुत्र हरिवर्धन सिंह), निवासी वैशाली जिला के रूप में हुई है। पुलिस ने मौके से एक कार भी जब्त की है, जिसका इस्तेमाल शराब तस्करी में किया जा रहा था।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चल रहे इस अभियान में कटेया थाना पुलिस की तत्परता से यह कार्रवाई संभव हो सकी। मामले में वाहन मालिक समेत अन्य संलिप्त लोगों के खिलाफ भी प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध शराब के कारोबार को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।










